नई रैंक, नई जिम्मेदारी: चमोली पुलिस के चार जांबाजों के कंधों पर सजे ‘तरक्की के सितारे’

नया साल चमोली पुलिस के लिए खुशियों की सौगात लेकर आया है। पुलिस मुख्यालय के आदेशों के अनुपालन में आज जनपद चमोली के चार पुलिसकर्मियों के जीवन में एक नया अध्याय जुड़ गया। पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार ने आज हेड कांस्टेबल से अपर उपनिरीक्षक (ASI) के पद पर पदोन्नत हुए चार पुलिसकर्मियों के कंधों पर ‘चमकते सितारे’ सजाकर उन्हें नई जिम्मेदारियों की कमान सौंपी।
पुलिस कार्यालय में आयोजित इस गरिमामय समारोह में एसपी चमोली सुरजीत सिंह पँवार ने स्वयं अपने हाथों से चारों जवानों को स्टार पहनाए। उन्होंने न केवल उन्हें बधाई दी, बल्कि खुद मिठाई खिलाकर उनका मुंह मीठा कराया। कार्यालय में मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने भी तालियों की गड़गड़ाहट के साथ अपने साथियों की इस उपलब्धि का स्वागत किया।
पदोन्नत होने वाले पुलिस अधिकारी—
अपर उपनिरीक्षक लक्ष्मण सिंह
अपर उपनिरीक्षक युद्धवीर फर्स्वाण
अपर उपनिरीक्षक अनूप सिंह
अपर उपनिरीक्षक अनिल कुमार
पदोन्नति की बधाई देते हुए एसपी चमोली ने कहा—
ये सितारे आपकी मेहनत, ईमानदारी और बरसों की तपस्या का इनाम हैं। पद बढ़ना सिर्फ एक सम्मान नहीं, बल्कि जनता की सेवा के प्रति एक नई और बड़ी जिम्मेदारी है। मुझे उम्मीद है कि आप अपनी नई भूमिका में और अधिक ऊर्जा के साथ काम करेंगे।
