दीपक मदान
ज्वालापुर (हरिद्वार): वैश्य समाज की एकजुटता और प्रगति को नई गति देने के उद्देश्य से वैश्य पंचायत ज्वालापुर के नवनियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत और अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। समाज के गणमान्य जनों ने नवनियुक्त अध्यक्ष नरेंद्र अग्रवाल, महामंत्री विवेक गोयल और उपाध्यक्ष नीरज मंगल के प्रतिष्ठान पर पहुँचकर उन्हें उनके नवीन सामाजिक दायित्वों के लिए शुभकामनाएँ दीं।

समाज सेवा का संकल्प और भविष्य की रूपरेखा
पदभार ग्रहण करने के उपरांत, नव नियुक्त अध्यक्ष नरेंद्र अग्रवाल ने समाज के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कहा, “मैं हमेशा से समाज के साथ मजबूती से खड़ा रहा हूँ। मैंने न केवल वैश्य समाज, बल्कि अन्य समाजों के साथ भी कंधे से कंधा मिलाकर सेवा कार्य किए हैं। मैं अपने समाज के लिए तन, मन और धन से समर्पित हूँ।”

अग्रवाल ने भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनकी प्राथमिकता नई पीढ़ी को आगे लाना है। उन्होंने कहा, “हम अपनी युवा पीढ़ी के लिए विशेष योजनाएं बनाएंगे। मुझे पूरा विश्वास है कि आने वाले समय में वैश्य पंचायत ज्वालापुर द्वारा किए गए कार्य न केवल समाज के लिए प्रेरणादायक होंगे, बल्कि अन्य समाजों के लिए भी गर्व का विषय बनेंगे।”

एकता और संगठन ही शक्ति
इस अवसर पर उपस्थित समाज बंधुओं ने कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि नई कार्यकारिणी के नेतृत्व में वैश्य समाज एकजुट होकर विकास के नए आयाम स्थापित करेगा। समाज के वरिष्ठ सदस्यों ने कामना की कि यह नई टीम समाज को नई दिशा और नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी।
”अग्रसेन के वंशज हैं हम, आगे बढ़ते जाएंगे,
अग्रसेन की सेवा में हम, मिलकर हाथ बटाएंगे।”
इस पंक्तियों के साथ वक्ताओं ने समाज में आपसी भाईचारे, सेवाभाव और संगठन को और अधिक मजबूत करने पर जोर दिया। कार्यक्रम में समाज के कई प्रतिष्ठित लोग मौजूद रहे और सभी ने एकजुट होकर समाज हित में उल्लेखनीय कार्य करने का संकल्प लिया।
