दीपक मदान
हरिद्वार।लक्सर रोड स्थित ग्राम रानीमाजरा के रुबराज वेंकट हॉल में रविवार को ‘सामान्य वर्ग एकता मंच’ के आह्वान पर एक विशाल जनसभा का आयोजन किया गया। जनसभा में हरिद्वार के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ आसपास के जनपदों से भी भारी संख्या में लोगों ने शिरकत की। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने आरक्षण व्यवस्था की वर्तमान संरचना, यूजीसी से जुड़े प्रावधानों और एससी-एसटी एक्ट के कथित दुरुपयोग पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए सरकार से व्यापक सुधार की मांग की।

”कानून का उद्देश्य भय नहीं, न्याय होना चाहिए” – ठाकुर पूरण सिंह चौहान
उत्तर प्रदेश के शामली से पहुंचे प्रमुख वक्ता ठाकुर पूरण सिंह चौहान ने कहा कि यूजीसी तथा एससी-एसटी एक्ट के कथित दुरुपयोग को लेकर सामान्य वर्ग में जागरूकता तेजी से बढ़ी है। उन्होंने कहा कि किसी भी कानून का मूल उद्देश्य समाज में न्याय और सुरक्षा सुनिश्चित करना होना चाहिए, न कि किसी वर्ग विशेष में भय या असमानता की भावना पैदा करना। उन्होंने समाज से लोकतांत्रिक माध्यमों से अपनी राजनीतिक शक्ति का उपयोग करने का आह्वान किया।

”परिणामों और विसंगतियों का हो निष्पक्ष मूल्यांकन” – सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता अनिल मिश्र
सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता अनिल मिश्र ने आरक्षण व्यवस्था के कानूनी और सामाजिक प्रभावों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद दशकों तक इसके क्रियान्वयन के बाद अब यह आवश्यक हो गया है कि इससे उत्पन्न विसंगतियों का निष्पक्ष मूल्यांकन किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं और सरकारी नौकरियों में सामान्य वर्ग के युवाओं के बीच अवसरों को लेकर असंतोष बढ़ रहा है, इसलिए सरकार को प्रतिभा, आर्थिक स्थिति और वास्तविक वंचना जैसे पहलुओं को भी प्राथमिकता देनी चाहिए।

”सामाजिक समरसता सभी के न्यायपूर्ण सम्मान से मजबूत होती है” – पंडित पदमप्रकाश शर्मा
ब्राह्मण महासभा उत्तराखण्ड के अध्यक्ष पंडित पदमप्रकाश शर्मा ने कहा कि सामाजिक नीतियों पर समय के साथ पुनर्विचार और स्वस्थ बहस होना किसी भी जीवंत लोकतंत्र की स्वाभाविक प्रक्रिया है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे बलवंत सिंह चौहान ने कहा कि सामान्य वर्ग की समस्याओं का अब संगठित और तथ्याधारित विमर्श के जरिए समाधान तलाशने का समय आ गया है। प्रमुख उपस्थिति और संबोधन /जनसभा को मांगेराम त्यागी (राष्ट्रीय अध्यक्ष, त्यागी एवं ब्राह्मण समाज मुजफ्फरनगर), ठाकुर जयपाल सिंह चौहान (राष्ट्रीय अध्यक्ष, क्षत्रिय कल्याण महासभा), अधीर कौशिक (अध्यक्ष, श्री अखंड परशुराम अखाड़ा हरिद्वार), सुनील कुमार अग्रवाल (पार्षद हरिद्वार), राजू ओबराय (प्रदेश उपाध्यक्ष, पंजाबी समाज उत्तराखण्ड), तथा वरिष्ठ अधिवक्ता उत्तम सिंह चौहान एवं नरेंद्र सिंह चौहान सहित कई गणमान्य वक्ताओं ने संबोधित किया।विशाल जनसभा के उपरांत हजारों की संख्या में मौजूद जनसमुदाय ने पैदल मार्च करते हुए महान क्षत्रिय सम्राट महाराणा प्रताप चौक, धारीवाला तक रोष मार्च निकाला। इस दौरान वक्ताओं ने प्रशासनिक अधिकारियों के माध्यम से सरकार को ज्ञापन सौंपकर सामान्य वर्ग के युवाओं के अधिकारों की सुरक्षा और कानूनों में सुधार की पुरजोर मांग की।स्थानीय ग्रामीणों और आयोजन समिति द्वारा बाहर से आए अतिथियों और सामाजिक प्रतिनिधियों का ढोल-नगाड़ों व फूलमालाओं के साथ जोरदार स्वागत किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में ठाकुर अर्जुन सिंह चौहान, धर्मेंद्र चौहान, अतुल चौहान, संदीप शर्मा, पीयूष चौहान, पंकज प्रधान, तरुण चौहान, रविन्द्र शर्मा और नितिन चौहान सहित स्थानीय ग्रामीणों का विशेष सहयोग रहा।
