दीपक मदान
हरिद्वार: /माँ गंगा के आशीर्वाद और तीर्थ पुरोहित समाज के पूर्ण समर्थन के बीच, भाजपा के निष्ठावान कार्यकर्ता उज्ज्वल पंडित ने विधानसभा चुनाव 2027 के लिए हरिद्वार नगर (विधानसभा 25) से अपनी दावेदारी पेश कर दी है। उन्होंने विधिवत रूप से अपना बायोडाटा भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष पंडित आशुतोष शर्मा को सौंप दिया है।

बचपन से ही संघ और भाजपा की विचारधारा से जुड़कर पार्टी के लिए जी-जान से पसीना बहाने वाले उज्ज्वल पंडित किसी पद के मोहताज रहे बिना हमेशा संगठन के हर बड़े और छोटे कार्यक्रम की रीढ़ रहे हैं। पार्टी के अंदर हो या बाहर, उन्होंने हर परिस्थिति में पूरी ईमानदारी और कड़ी मेहनत से संगठन को मजबूत करने का काम किया है।

अपने दो दशक से भी अधिक लंबे राजनीतिक व सामाजिक संघर्ष के सफर को याद करते हुए उज्ज्वल पंडित ने पूर्ण विश्वास जताया है कि पार्टी का शीर्ष नेतृत्व उनकी सालों की तपस्या और निष्ठा का मूल्यांकन करते हुए हरिद्वार नगर की सेवा करने का अवसर अवश्य प्रदान करेगा।
