दीपक मदान
हरिद्वार, 25 फरवरी 2026: शारदीय कांवड़ मेले के सफल संचालन को लेकर अपर जिलाधिकारी प्रशासन पी आर चौहान ने एचआरडीए सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक ली। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में आयोजित इस बैठक में मेले के लिए सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद करने के निर्देश दिए गए।

अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 2 फरवरी से शुरू हो रहे मेले के लिए सभी तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा को सरल, सुगम, सुरक्षित व सुखद बनाने के लिए सभी छोटी-बड़ी तैयारियां सुनिश्चित कर ली जाएं।

एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए मेले क्षेत्र को 6 जोन और 16 सेक्टर में विभाजित किया गया है। पिछले साल शरदीय कांवड़ मेले में लगभग 18 लाख कांवड़िए गंगा जल लेने आए थे, इस साल कांवड़ियों की संख्या बढ़ने की संभावना है।

बैठक में एचआरडीए सचिव मनीष सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ आर के सिंह, अधिशासी अभियंता सिंचाई विभाग ओमजी गुप्ता, अधिशासी अभियंता लोनिवि दीपक कुमार, अधिशासी अभियंता यूपीसीएल दीपक सैनी, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी नेहा झा, आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत, एनएचएआई के अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

