सम्पादक :- दीपक मदान
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुपालन में, आज दिनांक 01/11/2025 को आपदाग्रस्त क्षेत्र नंदनगर के गल्ला गोदाम में एक वृहद निःशुल्क चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह जनहितकारी पहल जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और प्रतिष्ठित जुनून चैरिटेबल सोसायटी के सहयोग से पूरी की गई। शिविर में जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने स्वयं उपस्थित होकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और दूर-दराज से आए लोगों से मिलकर उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया। वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी ने आयोजन की महत्ता को और बढ़ा दिया। शिविर में जुनून चैरिटेबल सोसाइटी के सहयोग से विशेषज्ञ डॉक्टरों की एक व्यापक टीम की सेवाएँ उपलब्ध रहीं, जिसमें निम्नलिखित विशेषज्ञ शामिल थे:फिजीशियन, कार्डियोलॉजिस्ट, आर्थोपेडिक, चेस्ट फिजीशियन, किडनी विशेषज्ञ, डेंटल, ई.एन.टी., बाल रोग विशेषज्ञ, त्वचा रोग विशेषज्ञ, सर्जन, न्यूरोलॉजिस्ट, डायटिशियन, फिजियोथेरेपिस्ट, आँख/कान/नाक विशेषज्ञ, गैस्ट्रो विशेषज्ञ और स्त्री रोग विशेषज्ञ।
शिविर में आए सभी लाभार्थियों को निःशुल्क परामर्श, आवश्यक निःशुल्क जाँचें और विशेषज्ञ डॉक्टरों की सलाह पर निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। क्षेत्र के अधिक से अधिक लोगों ने इस विशेषज्ञ स्वास्थ्य सुविधा का लाभ उठाया, जिससे आपदा प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुँच सुनिश्चित हुई।
चमोली पुलिस ने जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों और विशेष रूप से जुनून चैरिटेबल सोसायटी का इस पुनीत कार्य में सहयोग देने के लिए आभार व्यक्त किया। इस दौरान विधायक थराली भूपाल राम टम्टा, डॉक्टर हिमानी वैष्णव, वरिष्ठ चिकित्सक व स्थानीय प्रतिनिधि मौजूद रहे ।
