सम्पादक :- दीपक मदान
आज दिनांक 12.11.2025 को पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार द्वारा पुलिस कार्यालय गोपेश्वर सभागार में अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ मासिक अपराध गोष्ठी/सैनिक सम्मेलन आयोजित किया गया। कर्मचारियों का सम्मेलन लेते हुए उनकी समस्याएं सुनी गयी एवं समस्त थाना एवं शाखा प्रभारियों से उनके अधीन कार्यरत अधिकारियों/कर्मचारियों की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए। पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने थानों में नियुक्त अधीनस्थ कर्मचारियों की मासिक बैठक आयोजित कर उनके कार्यों की समीक्षा करें तथा उनकी व्यक्तिगत एवं पारिवारिक समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनते हुए त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।
बीते दिनों दिल्ली के लाल किले के पास घटित घटना के मद्देनज़र जनपद की सीमाओं, होटल–धर्मशालाओं एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाने तथा पुलिस बल को पूर्णतः अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए गए। आगामी दिनों में जनपद में आयोजित होने वाले गौचर मेला, बंड मेलों के सफल, सुरक्षित और निर्बाध रूप से संचालित किए जाने हेतु वर्तमान परिस्थितियों के दृष्टिगत स्पष्ट निर्देश दिए कि मेले में पहुंचे सभी बाहरी दुकानदारों का शत-प्रतिशत सत्यापन हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। मेला क्षेत्र में नियमित सघन चेकिंग अभियान चलाकर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए जाए। जनपद से सभी थाना क्षेत्रों में डोर टू डोर व्यापक स्तर पर सत्यापन अभियान चलाया जाए तथा जनपद में रहने वाले सभी बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन चैक किए जाए साथ ही रात्रि में संदिग्ध घूमने वाले व्यक्तियों के आईडी व फ़ोटो लेकर रिकॉर्ड किया जाए एवं अंतर्जनपदीय बैरियर पर रात्रि के समय आने वाले व्यक्तियों व वाहनों की चैकिंग की जाए। जनपद में सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्देशित किया गया कि शराब पीकर वाहन चलाने, ओवर स्पीडिंग, ट्रिपल राइडिंग, क्षमता से अधिक सवारी ले जाने तथा नाबालिगों द्वारा वाहन संचालन पर प्रतिदिन सघन अभियान चलाया जाए और ऐसे सभी उल्लंघनकर्ताओं के विरुद्ध बिना किसी रियायत के कड़ी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री, उत्तराखण्ड के ड्रग फ्री देवभूमि 2025 के विजन को साकार करने के उद्देश्य से निर्देशित किया गया कि जनपद में अवैध शराब एवं मादक पदार्थों जैसे चरस, अफीम, स्मैक आदि की बिक्री, तस्करी एवं सेवन पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित किया जाए। ऐसे अवैध कारोबार में लिप्त व्यक्तियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध आबकारी अधिनियम एवं एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत कठोरतम कार्यवाही की जाए। साथ ही नशे के विरुद्ध व्यापक जनजागरूकता एवं जनसहभागिता को बढ़ावा देकर समाज को नशामुक्त बनाने के लिए ठोस पहल की जाए। पुलिस मुख्यालय एवं रेंज स्तर से संचालित विभिन्न अभियानों की समीक्षा करते हुए समस्त राजपत्रित अधिकारियों व थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि इन अभियानों को पूर्ण गंभीरता एवं सक्रियता के साथ क्रियान्वित करते हुए अधिकतम प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करे, जिससे जनपद स्तर पर अभियानों की सफलता प्रत्यक्ष रूप से परिलक्षित हो और इसके परिणाम जमीनी स्तर पर स्पष्ट रूप से दिखाई दें।
न्यायालय से जारी गैर जमानतीय वारण्टों की समय से तामील कर अधिक से अधिक वारण्टियों की गिरफ्तारी करने, विवेचनाधीन/पार्ट पेण्डिंग अभियोगों का अतिशीघ्र निस्तारण करने तथा थाने में जमा माल मुकदमातियों का जल्द से जल्द नियामानुसार निस्तारण किये जाने हेतु समस्त थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया। समस्त थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि थाने में आने वाली प्रत्येक जन शिकायत एवं समस्या को धैर्यपूर्वक सुनते हुए प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करें। साथ ही साइबर अपराध से संबंधित प्रार्थना पत्रों का भी साइबर सेल के समन्वय से शीघ्र एवं प्रभावी समाधान किया जाए, ताकि पीड़ितों को समयबद्ध न्याय प्राप्त हो सके। एसपी चमोली ने कहा कि सड़क सुरक्षा अभियान में किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए। निर्देश दिए गए कि—शराब पीकर वाहन चलाने, ओवर स्पीडिंग, ट्रिपल राइडिंग, क्षमता से अधिक सवारी, तथा नाबालिगों द्वारा वाहन संचालन पर प्रतिदिन सघन कार्रवाई की जाए।ऐसे सभी उल्लंघनकर्ताओं के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। एसपी चमोली ने निर्देशित किया कि आगामी दिनों में पंचायत उप-चुनावों के दृष्टिगत सुरक्षा तैयारियाँ पूर्व से सुनिश्चित की जाएं। गंभीर अपराधों में घटनास्थल का निरीक्षण All Purpose Crime Scene Investigation Kit एवं Drug Detection Kit के साथ समय-समय पर किया जाना सुनिश्चित किया जाए। बद्रीनाथ धाम के कपाट बंद होने से पूर्व मंदिर सुरक्षा में तैनात होने वाली आईटीबीपी के साथ समुचित समन्वय हेतु पूर्व में ही पत्राचार करने के निर्देश दिए गए, ताकि कपाट बंदी के बाद सुरक्षा व्यवस्था सुचारू, अनुशासित एवं निर्बाध रूप से संचालित की जा सके। विगत माह में अपनी ड्यूटी के दौरान सराहनीय एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस कर्मियों उ0नि0 लक्ष्मी प्रसाद बिजल्वाण, अ0उ0नि0 भूपेन्द्र सिंह, हे0का0 गम्भीर रावत, हे0का0 रमेश, हे0का0 दिगम्बर, का0 दीपक, का0 रोहित व हो0गा0 राकेश को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त उपरोक्त गोष्ठी में पुलिस उपाधीक्षक चमोली मदन सिंह बिष्ट, पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेन्द्र सिंह राणा, ज्येष्ठ अभियोजन अधिकारी विपुल कुमार पांडे सहित समस्त थाना प्रभारी एवं अधिकारी/कर्मचारी मौजूद रहें।
