सम्पादक :- दीपक मदान
हरिद्वार। स्थानीय विधायक आदेश चौहान एवं पार्षद श्रीमती अनु अंकुर मेहता के विजन और प्रस्ताव पर नगर के मुख्य बाज़ार में बहुप्रतीक्षित महिला शौचालय का निर्माण कार्य धरातल पर उतर आया है। विशेष बात यह है कि आज पार्षद श्रीमती अनु अंकुर मेहता के नगर निगम पार्षद के रूप में द्वितीय कार्यकाल का सफल 1 वर्ष भी पूर्ण हो गया है, जिसे इस विकास कार्य के साथ जोड़कर देखा जा रहा है।
इसी उपलक्ष्य में रविवार को विधायकआदेश चोहान जी के निर्देश पर पार्षद अनु मेहता ने प्रतिनिधि के साथ निर्माण स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
गौरतलब है कि मुख्य बाज़ार में महिला शौचालय न होने के कारण बाज़ार आने वाली महिलाओं और स्थानीय दुकानों पर कार्यरत महिला कर्मियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। विधायक आदेश चौहान ने कहा , “हमने जनता से जो वायदा किया था, उसे प्राथमिकता के आधार पर निभाया जा रहा है। पार्षद के दूसरे कार्यकाल का यह प्रथम वर्ष क्षेत्र की महिलाओं के लिए बड़ी सौगात लेकर आया है। यह शौचालय आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा ताकि महिलाओं को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सके।”
इस अवसर पर स्थानीय व्यापारियों ने विधायक और पार्षद को सफल कार्यकाल के एक वर्ष की बधाई देते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह कदम महिला सुरक्षा और स्वच्छता की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा।
