सम्पादक :- दीपक मदान
जनपद चमोली के नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने आज, दिनांक 30 अक्टूबर 2025 को जनपद पुलिस के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना/चौकी तथा शाखा प्रभारियों के साथ एक महत्वपूर्ण परिचयात्मक एवं समीक्षा गोष्ठी आयोजित की।
एसपी ने सभी प्रभारियों से उनके कार्यक्षेत्र की संवेदनशील भौगोलिक परिस्थितियों तथा कानून व्यवस्था की वर्तमान स्थिति के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
पुलिस अधीक्षक ने पुलिसिंग में उत्कृष्ट आचरण और जन-केंद्रित दृष्टिकोण को सर्वोपरि रखने पर बल दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि विनम्रता और कर्तव्यनिष्ठा ही आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास पैदा करेगी।
विनम्रता और कर्तव्यनिष्ठा आमजन में विश्वास पैदा करेगी। किसी भी फरियादी को निराशा या दुर्व्यवहार नहीं मिलना चाहिए। पुलिस शक्ति है, लेकिन इसका उपयोग सिर्फ सुरक्षा के लिए होना चाहिए।
फरियादियों के साथ संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करने तथा उनकी शिकायतों का तत्काल और प्रभावी निस्तारण करने के लिए सभी प्रभारियों को निर्देशित किया गया। सभी प्रभारी अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे अपने अधीनस्थ पुलिस कर्मियों की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनें और उनका त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करें, जिससे फ़ोर्स का मनोबल उच्च बना रहे। टीम भावना के साथ कार्य करते हुए पुलिसिंग में बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया।
चूंकि चमोली एक पहाड़ी जनपद है जहाँ सड़क दुर्घटनाएँ एक गंभीर एवं संवेदनशील विषय हैं, इसलिए सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि वे दुर्घटना स्थल पर तत्काल पहुँच कर त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करें, ताकि राहत और बचाव कार्य समय पर हो सके।
एसपी चमोली ने आगामी राष्ट्रीय एकता दिवस (31 अक्टूबर) के मद्देनजर, सभी थाना क्षेत्रों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की सुरक्षा व्यवस्था एवं सफल आयोजन हेतु तैयारियों की गहन समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
