दीपक मदान
हरिद्वार। जनपद में अवैध शराब के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग ने तस्करों और अवैध कारोबारियों के खिलाफ व्यापक स्तर पर शिकंजा कस दिया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं आबकारी आयुक्त उत्तराखंड के सख्त निर्देशों और जिला आबकारी अधिकारी कैलाश चंद्र बिंजोला के कुशल मार्गदर्शन में आबकारी क्षेत्र-1 की टीम ने एक ही दिन में दो अलग-अलग क्षेत्रों में ताबड़तोड़ छापेमारी कर अवैध शराब के बड़े खेल का पर्दाफाश किया है।

कार्रवाई के दौरान आबकारी निरीक्षक हरिद्वार दर्शन चौहान की कड़क व मुस्तैद कार्यशैली के नेतृत्व में टीम ने सबसे पहले गुप्त सूचना के आधार पर बहादुरपुर सैनी गांव में अचानक दबिश दी। वहां से टीम ने अमित (पुत्र मांगेराम) को अवैध रूप से कच्ची शराब का भंडारण और बिक्री करते हुए रंगे हाथों दबोच लिया। आरोपी के कब्जे से 25 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद कर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत तत्काल मुकदमा दर्ज किया गया।

इस कार्रवाई के तुरंत बाद आबकारी टीम ने अपनी आक्रामक प्रवर्तन मुहिम को आगे बढ़ाते हुए ज्वालापुर क्षेत्र स्थित जगपाल के मकान पर अचानक दूसरी बड़ी छापेमारी की। अचानक हुई इस दबिश से अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया। मकान की सघन तलाशी लेने पर आबकारी टीम के भी होश उड़ गए, जहां से देशी, अंग्रेजी शराब और बियर का बड़ा जखीरा बरामद हुआ।

ज्वालापुर से जब्त अवैध शराब में ब्रांडेड अंग्रेजी शराब के 93 पव्वे (इम्पीरियल ब्लू), 55 पव्वे (रॉयल स्टैग), 07 पव्वे (ब्लेंडर्स प्राइड), 15 पव्वे (इमेजिंग वोदका), बीयर की 24 कैन (बीयंग) तथा देशी शराब के 51 टैट्रा पैक (माल्टा) शामिल हैं। कुल मिलाकर लगभग 6 पेटी अवैध शराब जब्त कर संबंधित आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है।

इस बैक-टू-बैक सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में आबकारी निरीक्षक दर्शन सिंह चौहान के साथ उप आबकारी निरीक्षक महावीर मैठानी, प्रधान आबकारी सिपाही अनिरुद्ध शर्मा, मदन सिंह चौहान, और आबकारी सिपाही सुरेंद्र, पिंकी व नरेंद्र की मुख्य भूमिका रही। आबकारी विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जिले में अवैध शराब का काला कारोबार करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत यह सख्त अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।
