सम्पादक :- दीपक मदान
रानीपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम रावली महदूद की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान करते हुए आज विकास कार्यों का श्रीगणेश किया गया। क्षेत्र की मुल्कीनगर और जाह्नवी एन्कलेव कॉलोनी में जलभराव और जर्जर सड़कों से निजात दिलाने के लिए नई नाली एवं सड़क निर्माण कार्य का विधिवत पूजन कर शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने कहा कि प्रदेश की पुष्कर सिंह धामी सरकार ‘अंत्योदय’ के लक्ष्य के साथ काम कर रही है। ग्रामीण और शहरी दोनों ही क्षेत्रों में बुनियादी ढाँचे को मजबूत किया जा रहा है ताकि आम जनमानस को सुगम आवाजाही मिल सके।
निर्माण कार्य शुरू होने पर कॉलोनी वासियों में भारी उत्साह देखने को मिला। स्थानीय निवासियों ने बताया कि लंबे समय से इस क्षेत्र में जल निकासी और कच्ची सड़कों के कारण परेशानी हो रही थी, जिसका अब स्थाई समाधान होगा। इस मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, कॉलोनी वासी और भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
