दीपक मदान
हरिद्वार। समाज सेवा और परोपकार के कार्यों में अग्रणी रहने वाली संस्था ‘उत्तरांचल पंजाबी महासभा’ हरिद्वार द्वारा एक बार फिर मानवता की सेवा की मिसाल पेश की गई है। संस्था की ओर से कनखल स्थित रामकृष्ण मिशन हॉस्पिटल को शवों को सुरक्षित रखने के लिए दो आधुनिक मोर्चरी फ्रीजर भेंट किए गए।

शनिवार को अस्पताल परिसर में आयोजित एक सादे कार्यक्रम के दौरान महासभा के पदाधिकारियों ने अस्पताल प्रबंधन को ये फ्रीजर सौंपे। इस अवसर पर उत्तरांचल पंजाबी महासभा के अध्यक्ष प्रवीण कुमार और नीरज कुमार जी ने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग के सहयोग और समर्पण के कारण ही यह पुनीत कार्य संभव हो पाया है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में मोर्चरी फ्रीजर की आवश्यकता को देखते हुए महासभा ने यह सामूहिक निर्णय लिया था, ताकि शोक संतप्त परिवारों को विषम परिस्थितियों में मदद मिल सके।

महासभा के वरिष्ठ सदस्य परमानंद पोपली और सुनील अरोड़ा ने संयुक्त रूप से कहा कि पंजाबी महासभा सदैव सामाजिक जिम्मेदारियों को निभाने के लिए तत्पर रहती है। यह सहयोग सभी दानदाताओं की सेवा भावना का प्रतीक है। महासभा ने इस कार्य में योगदान देने वाले प्रत्येक सहयोगी का हृदय से आभार व्यक्त किया। रामकृष्ण मिशन अस्पताल के प्रबंधन ने महासभा के इस मानवीय प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इन फ्रीजरों की मदद से अस्पताल की सुविधाओं में विस्तार होगा और जनहित में यह अत्यंत उपयोगी सिद्ध होंगे। इस सेवा कार्य के दौरान महासभा के अध्यक्ष प्रवीण कुमार, नीरज कुमार,अनिल खुराना,परमानंद पोपली, राजू ओबरॉय सुनील अरोड़ा, पार्षद परमिंदर गिल गजेंद्र ओबरॉय, विक्की तनेजा और अनिल अरोड़ा हिमांशु चोपड़ा प्रवीण गाबा मनीष लखानी तुषार गाबा मुरारी लाल वाधवा सहित कई गणमान्य सदस्य मौजूद रहे।
