दीपक मदान
हरिद्वार। जनपद में जीरो टॉलरेंस की नीति को स्पष्ट करते हुए एसएसपी हरिद्वार ने बड़ी कार्रवाई की है। झबरेड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत इकबालपुर चौकी प्रभारी सहित 06 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इन सभी पर क्षेत्र में हो रहे अवैध खनन में संलिप्तता और कर्तव्य पालन में लापरवाही के गंभीर आरोप हैं।

क्या है पूरा मामला?
एसएसपी हरिद्वार को पिछले कुछ समय से इकबालपुर क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध खनन की शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। इन शिकायतों का संज्ञान लेते हुए जब प्राथमिक जांच कराई गई, तो प्रथम दृष्टया चौकी प्रभारी और अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका संदिग्ध पाई गई। पुलिस विभाग की छवि धूमिल करने और अनुचित कार्यों में ढील देने को एसएसपी ने अनुशासनहीनता माना और कड़ा रुख अपनाते हुए निलंबन की कार्रवाई की।
इन पर गिरी गाज
निलंबित होने वालों में इकबालपुर चौकी प्रभारी के साथ-साथ अन्य 05 पुलिसकर्मी शामिल हैं। एसएसपी ने स्पष्ट संदेश दिया है कि खाकी की आड़ में अनुचित कार्यों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
एसपी देहात को सौंपी गई जांच
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार ने पूरे मामले की विस्तृत विभागीय जांच पुलिस अधीक्षक ग्रामीण (SP Rural) को सौंपी है। उन्हें निर्देश दिए गए हैं कि मामले की तह तक जाकर रिपोर्ट पेश करें, ताकि संलिप्त पाए जाने वाले कर्मियों पर आगे की कठोर वैधानिक कार्रवाई की जा सकेl

”पुलिस का काम कानून व्यवस्था को बनाए रखना है, न कि अवैध गतिविधियों को संरक्षण देना। भ्रष्टाचार और अनुशासनहीनता के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।”
— एसएसपी हरिद्वार
