दीपक मदान
पंतनगर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर में 119वें अखिल भारतीय किसान मेले एवं कृषि उद्योग प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया और विश्वविद्यालय के कृषि साहित्य का विमोचन भी किया।

किसान ही असली नायक: मुख्यमंत्री
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि किसान हमारे अन्नदाता और असली नायक हैं। उनकी मेहनत और समर्पण से ही देश को अन्न मिल रहा है और राष्ट्र प्रगति के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रधानमंत्री के ‘विकसित भारत’ के संकल्प में किसानों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।

कृषि सुरक्षा के लिए 25 करोड़ की पहली किस्त जारी
मुख्यमंत्री ने एक बड़ी घोषणा करते हुए बताया कि खेती को जंगली जानवरों से बचाने के लिए केंद्र सरकार ने सुरक्षा घेराबंदी (बाड़ लगाने) हेतु प्रथम किस्त के रूप में 25 करोड़ रुपये की धनराशि जारी कर दी है। इससे प्रदेश के किसानों को जंगली जानवरों से होने वाले फसल नुकसान से राहत मिलेगी।

योजनाओं से सशक्त हो रहा अन्नदाता
मुख्यमंत्री ने बताया कि:
प्रदेश के 9 लाख से अधिक किसानों को किसान सम्मान निधि का सीधा लाभ मिल रहा है।
किसानों के लिए ब्याज मुक्त ऋण की सीमा 3 लाख से बढ़ाकर 5 लाख कर दी गई है।
पॉलीहाउस लगाने के लिए 200 करोड़ का प्रावधान किया गया है, जिसके तहत अब तक 115 करोड़ की लागत से 350 पॉलीहाउस स्थापित हो चुके हैं।
राज्य में नई सेब नीति लागू की गई है और कई योजनाओं में 80 प्रतिशत तक की सब्सिडी (राजसहायता) दी जा रही है।
नवाचार और विविधीकरण पर जोर
प्रदेश की भौगोलिक परिस्थितियों का जिक्र करते हुए धामी ने कहा कि अब एरोमा वैली, ड्रैगन फ्रूट और मौन पालन (शहद उत्पादन) जैसे क्षेत्रों को बढ़ावा दिया जा रहा है। वर्तमान में उत्तराखंड शहद उत्पादन में देश में 8वें और मशरूम उत्पादन में 5वें स्थान पर पहुँच गया है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष के बजट में कृषि, उद्यान और शोध के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं ताकि किसानों की आय में निरंतर वृद्धि हो सके।

मेले में उमड़ा जनसैलाब
विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. मनमोहन सिंह चौहान ने बताया कि मेले में 350 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं और प्रतिदिन लगभग 20 हजार लोग इसमें भाग ले रहे हैं। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, विधायक तिलक राज बेहड़, मेयर विकास शर्मा और जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया सहित कई अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
