दीपक मदान
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारत के प्रथम चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) और पद्म विभूषण से अलंकृत, स्वर्गीय जनरल बिपिन रावत की जयंती के अवसर पर उन्हें भावपूर्ण स्मरण किया। सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जनरल रावत के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें अपनी श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जनरल बिपिन रावत अदम्य साहस, अद्वितीय कर्तव्यनिष्ठा और प्रखर राष्ट्रभक्ति के जीवंत प्रतीक थे। उन्होंने अपना सम्पूर्ण जीवन माँ भारती की सुरक्षा और सेवा के लिए समर्पित कर दिया। उत्तराखंड के गौरव के रूप में उनकी पहचान सदैव अक्षुण्ण रहेगी।

प्रेरणास्रोत रहेगा जनरल रावत का समर्पण
मुख्यमंत्री ने जोर देते हुए कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा और सामरिक सुदृढ़ीकरण के प्रति जनरल रावत का समर्पण हम सभी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा। उनका कुशल नेतृत्व, भविष्यगामी दूरदर्शिता और देश के प्रति अटूट निष्ठा आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करती रहेगी।

जनरल बिपिन रावत के योगदान को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय सेना को आधुनिक और सशक्त बनाने में उनकी भूमिका को देश कभी नहीं भुला पाएगा।
