दीपक मदान
हरिद्वार | 1 अप्रैल 202 नगर निगम प्रशासन द्वारा विकसित किए गए तीन प्रमुख वेंडिंग जोन के लाभार्थियों के लिए नए वित्तीय वर्ष (2026-27) के आवेदन की प्रक्रिया को लेकर एक दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर नगर आयुक्त नंदन कुमार के निर्देशन में प्रथम वेंडिंग जोन के प्रांगण में संपन्न हुआ।

लाइसेंस आवंटन की कार्यवाही हुई तेज
नगर निगम ने ललतारो पुल (चण्डी चौराहा मार्ग), भगत सिंह चौक से सेक्टर 2 बैरियर और पुल जटवाड़ा स्थित वेंडिंग जोन के लाभार्थियों के लिए लाइसेंस, विक्रय प्रमाण और परिचय पत्र आवंटन की प्रक्रिया को सरल बना दिया है। प्रथम चरण में लाभार्थियों ने वरिष्ठ लिपिक शिव प्रकाश सिंह चौहान के माध्यम से अपनी सभी औपचारिकताएं पूरी कर आवेदन जमा किए।

लघु व्यापारियों ने जताया नगर आयुक्त का आभार
लघु व्यापार एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष संजय चोपड़ा ने प्रक्रिया के सरलीकरण पर खुशी जाहिर करते हुए नगर आयुक्त का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा: नए वित्तीय वर्ष के लाइसेंस मिलने से लघु व्यापारियों को एक नई पहचान मिलेगी। दूसरे चरण में चलती-फिरती रेहड़ी वाले स्ट्रीट वेंडर्स को उनके कारोबारी स्थान पर चिन्हित कर लाइसेंस दिए जाएंगे।

रुड़की हरिद्वार विकास प्राधिकरण (HRDA) द्वारा किए जा रहे सौंदर्यीकरण में वेंडिंग जोन को भी शामिल करने के लिए जल्द ही अधिकारियों से वार्ता की जाएगी।
राजस्व वसूली और अतिक्रमण पर सख्ती
वरिष्ठ लिपिक शिव सिंह चौहान ने स्पष्ट किया कि नगर आयुक्त के निर्देशन में नए वित्तीय वर्ष की राजस्व वसूली को प्राथमिकता दी जा रही है। लाइसेंस निर्गत करने की प्रक्रिया के साथ-साथ शहर में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ भी नगर निगम की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

शिविर में ये लाभार्थी रहे मौजूद
लाइसेंस प्रक्रिया में उत्साहपूर्वक भाग लेने वाले प्रमुख लाभार्थियों में फूल सिंह, श्याम कुमार, मोहनलाल, सचिन राजपूत, राजकुमार, भूपेंद्र राजपूत, रवि कुमार, सुमन गुप्ता, सुनीता चौहान, ओम प्रकाश, मनीष शर्मा, बालकिशन कश्यप और सुरेश कांति शामिल रहे।
