दीपक मदान
हरिद्वार। मां मनसा देवी और चंडी देवी पैदल मार्ग के व्यापारियों के अस्तित्व पर आए संकट को लेकर लघु व्यापार एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष संजय चोपड़ा ने मोर्चा खोल दिया है। गंगा वाटिका में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में चोपड़ा ने प्रदेश सरकार और वन विभाग की कार्यप्रणाली पर कड़े सवाल उठाए।

10 महीने का इंतजार और लापरवाही का आरोप
संजय चोपड़ा ने कहा कि 27 जुलाई 2025 को हुई दुर्घटना के बाद से राजाजी नेशनल पार्क द्वारा मनसा देवी का प्राचीन सीढ़ी मार्ग बंद है। 10 महीने बीत जाने के बाद भी जांच रिपोर्ट का सार्वजनिक न होना विभाग की घोर लापरवाही को दर्शाता है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और वन मंत्री सुबोध उनियाल को ईमेल भेजकर मांग की है कि आगामी चारधाम यात्रा के मद्देनजर इस मार्ग को तत्काल खोला जाए।

’इको विकास समिति’ के गठन की मांग
चोपड़ा ने पुरजोर तरीके से मांग की कि नीलकंठ, पूर्णागिरि और केदारनाथ जैसे सिद्धपीठों की तर्ज पर यहां भी ‘इको विकास समिति’ का गठन किया जाए। इससे न केवल मार्ग की स्वच्छता बनी रहेगी, बल्कि स्थानीय व्यापारियों को व्यवस्थित रूप से स्वरोजगार का अवसर भी मिलेगा।

बैठक में गूंजी व्यापारियों की आवाज
जिला अध्यक्ष राजकुमार के संचालन में हुई इस बैठक में कमल प्रताप चौहान, दयानंद और शशिकांत गोस्वामी सहित दर्जनों व्यापारियों ने हिस्सा लिया। सभी ने एक स्वर में कहा कि तीर्थयात्रियों की सुविधा और स्थानीय रोजगार के लिए मार्ग का खुलना अनिवार्य है।
