सम्पादक :- दीपक मदान
पुलिस अधीक्षक जनपद चमोली सुरजीत सिंह पँवार द्वारा आज दिनाँक 20.04.26 को पुलिस कार्यालय स्थित सभागार में मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारी, थाना एवं चौकी प्रभारी, स्थानीय अभिसूचना इकाई, फायर सर्विस, दूरसंचार एवं अन्य शाखाओं के प्रभारी उपस्थित रहे। गोष्ठी में सर्वप्रथम कर्मचारियों का सम्मेलन लेकर उनकी समस्याएं सुनी व उनके त्वरित निस्तारण हेतु संबंधित को निर्देशित किया गया। तत्पश्चात लंबित प्रकरणों एवं आगामी चारधाम यात्रा के सरल, सुगम व सुरक्षित संचालन हेतु निम्न बिंदुओं पर आवश्यक दिशा-निर्देश निर्गत किए गए—
सभी थाना प्रभारियों से उनके-अपने क्षेत्र में आगामी चारधाम यात्रा के दृष्टिगत की जा रही तैयारियों के संबंध में विस्तृत जानकारी ली गई। बाहरी जनपदों से आने वाले पुलिस बल के लिए आवासीय व्यवस्थाओं सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
चारधाम यात्रा-2026 पर विशेष फोकस करते हुए यात्रा मार्ग पर स्थित सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रान्तर्गत यातायात व्यवस्था को सुचारु, सुरक्षित एवं सुगम बनाए रखने हेतु निर्धारित रूट डायवर्जन एवं यातायात प्लान का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें।
थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने थाना क्षेत्र में चिन्हित सभी बॉटलनेक स्थलों के दोनों ओर वायरलेस हैडसेट के साथ पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए, ताकि यातायात व्यवस्था निरंतर सुचारु बनी रहे।
यात्रा के दौरान यदि कोई यात्री बिना पंजीकरण के पहुंचता है, तो उसके साथ किसी प्रकार की अनावश्यक कठोरता या दुर्व्यवहार न किया जाए। ऐसे मामलों में यात्रियों को उचित मार्गदर्शन प्रदान करते हुए उनका ऑफलाइन पंजीकरण सुनिश्चित कराया जाए।
शासन द्वारा जारी निर्देशों तथा जनपद की विषम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण यात्रियों की सुरक्षा के दृष्टिगत यात्री वाहनों की आवाजाही प्रातः 04 बजे से रात्रि 10 बजे तक निर्धारित की गयी है। रात्रि अवधि में यात्री वाहनों की आवाजाही पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगी। जिसका सख्ती से पालन किया जाए।
यात्रा के दौरान जनपद एवं श्री बद्रीनाथ धाम में वायरलेस कनेक्टिविटी को निर्बाध एवं सुचारु बनाए रखने के लिए प्रभारी दूरसंचार को आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया है।
यात्रा के दौरान भूस्खलन, यातायात अवरोध एवं अन्य आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने हेतु न्यूनतम रिस्पॉन्स टाइम सुनिश्चित करते हुए त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही की जाए, जिससे किसी भी समस्या का तत्काल निवारण हो सके।
श्री बद्रीनाथ धाम के कपाट खुलने में 02 दिन शेष होने के दृष्टिगत जनपद की अंतर्जनपदीय बैरियरों दिन एवं रात्रि के समय वाहनों की सघन चेकिंग अभियान चलाए जाने हेतु निर्देशित किया गया।
चारधाम यात्रा के दृष्टिगत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर सतत निगरानी रखी जाएगी। किसी भी प्रकार की भ्रामक अथवा अफवाहपूर्ण सूचना प्रसारित करने वाले व्यक्तियों पर कड़ी नजर रखते हुए दोषियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
गोष्ठी के अन्त में एसपी चमोली द्वारा यात्रा के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं के साथ मित्रतापूर्ण एवं सहायक व्यवहार बनाए रखा जाए तथा समस्त पुलिस बल को अपने-अपने स्तर पर ब्रीफ कर कर्तव्यों का पूर्ण मनोयोग से निर्वहन करने के निर्देश दिए।
सर्किलवार लंबित विवेचनाओं, विभिन्न प्रकरणों से संबंधित मालों, पंचायतनामा मामलों, समस्त ऑनलाइन/ऑफलाइन प्राप्त शिकायतों, न्यायालय से प्राप्त समन/वारंट, गुमशुदाओं तथा अन्य लंबित जांचों की गहन समीक्षा करते हुए, स्पष्ट शब्दों में निर्देश दिए गए कि सभी लंबित प्रकरणों का तत्काल, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण किया जाए, अन्यथा लापरवाही बरतने वालों के विरुद्ध उत्तरदायित्व निर्धारित करते हुए कठोर कार्रवाई की जाएगी।
विगत माह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले उपनिरीक्षक सतेन्द्र बुटोला व उपनिरीक्षक मानवेन्द्र गुसाँई को “पुलिस मैन ऑफ द मंथ” चुना गया, साथ ही विगत माह में सराहनीय कार्य करने वाले 15 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति देकर सम्मानित किया गया।
इस दौरिन पुलिस उपाधीक्षक चमोली मदन सिंह बिष्ट, पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेन्द्र सिंह राणा, मुख्य अग्निशमन अधिकारी गिरीश बिष्ट सहित समस्त थाना प्रभारी एवं अधिकारी/कर्मचारी मौजूद रहें।
