दीपक मदान
हरिद्वार: नगर निगम प्रशासन द्वारा सिंगल-यूज प्लास्टिक (पन्नी) और प्लास्टिक चटाइयों पर लगाए गए पूर्ण प्रतिबंध के समर्थन में लघु व्यापार एसोसिएशन उतर आया है। एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संजय चोपड़ा के नेतृत्व में मेला क्षेत्र के रेहड़ी-पटरी और स्ट्रीट वेंडर्स संगठनों के प्रतिनिधियों ने अलकनंदा घाट (मां गंगा के समीप) पर एकत्र होकर सिंगल-यूज पन्नी का बहिष्कार करने और इसे न बेचने की सामूहिक शपथ ली।

मां गंगा की स्वच्छता और तीर्थ की मर्यादा पर जोर
इस अवसर पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष संजय चोपड़ा ने कहा कि नगर निगम प्रशासन द्वारा चलाई जा रही यह मुहिम पर्यावरण और गंगा की निर्मलता के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मेला क्षेत्र में यदि कोई भी व्यक्ति सिंगल-यूज पन्नी का व्यापार करते पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई में नगर निगम प्रशासन को पूरा सहयोग दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि सिंगल-यूज पन्नी और प्लास्टिक के कचरे के कारण मां गंगा के जल और पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। इसके साथ ही उन्होंने आगामी कांवड़ यात्रा के मद्देनजर शिव भक्तों से भी विशेष अपील की कि वे यात्रा के दौरान सिंगल-यूज पन्नी का उपयोग करने से बचें और पावन नगरी की धार्मिक मर्यादा व स्वच्छता बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
शपथ ग्रहण कार्यक्रम में प्रमुख उपस्थिति
नगर निगम की इस मुहिम का समर्थन करते हुए सिंगल-यूज पन्नी का उपयोग और विक्रय न करने की शपथ लेने वालों में प्रमुख रूप से ये प्रतिनिधि शामिल रहे:
महिला प्रतिनिधि: कामिनी मिश्रा, सीमा, मंजू, पूनम, सुनीता चौहान, आशा देवी, पुष्पा दास, सुमन गुप्ता, मीरा देवी, इंदिरा देवी और सुषमा देवी।
व्यापारी प्रतिनिधि: वीरेंद्र कुमार, चंदन दास, रवि, भोला शर्मा, विवेक कुमार, मोहनलाल, मनीष शर्मा, अशोक गुप्ता, जय सिंह, सुरेश कांति, मनोज कुमार, प्रदीप, राजू जैन और ओम प्रकाश।
