दीपक मदान
हरिद्वार:
प्रचलित कांवड़ मेला-2026 की सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण करने के लिए पुलिस मुख्यालय से IG STF निलेश आनंद भरणे और DIG लॉ एंड ऑर्डर धीरेंद्र सिंह गुंज्याल हरिद्वार पहुंचे। शीर्ष अधिकारियों ने मेला क्षेत्र का दौरा कर सुरक्षा इंतजामों का बारीकी से जायजा लिया।

प्रमुख स्थल निरीक्षण और दिशा-निर्देश
IG STF और DIG लॉ एंड ऑर्डर ने सबसे पहले बैरागी कैंप पार्किंग और विश्व प्रसिद्ध हरकी पैड़ी क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद अधीनस्थ अधिकारियों को सुरक्षा प्रबंधों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था सर्वोपरि है।

कंट्रोल रूम में समीक्षा बैठक
निरीक्षण के पश्चात मेला कंट्रोल रूम में सुपर जोनल और जोनल पुलिस अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन की विस्तृत समीक्षा की गई तथा आने वाले दिनों के लिए रणनीति तैयार की गई। अधिकारियों ने कहा कि आगामी दिनों में शिवभक्तों का आवागमन और अधिक बढ़ेगा, ऐसे में प्रत्येक चुनौती का सामना एक टीम के रूप में आपसी समन्वय और पूर्ण समर्पण के साथ करना होगा।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मी सम्मानित
कांवड़ मेले के दौरान मुस्तैदी और बेहतरीन कार्यशैली का परिचय देने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया, जिससे बल का मनोबल बढ़े।

शिवभक्तों को बांटे फल और अल्पाहार
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मार्ग में आ रहे शिवभक्तों को अपने हाथों से फल और अल्पाहार वितरित किया। साथ ही, उनकी सुरक्षित यात्रा की कामना करते हुए उन्हें गंतव्य के लिए रवाना किया गया। उत्तराखण्ड पुलिस शिवभक्तों की सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह सतर्क, सजग और प्रतिबद्ध है।

