दीपक मदान
हरिद्वार : कांवड़ मेला 2026 के पावन अवसर पर पुलिस प्रशासन और स्थानीय व्यापार मंडल का समन्वय लगातार मिसाल पेश कर रहा है। इसी कड़ी में, जाने-माने सामाजिक कार्यकर्ता एवं ज्वालापुर व्यापार मंडल के सक्रिय सदस्य कमल अरोड़ा आज कांवड़ मेले के पांचवें दिन बतौर SOP (स्पेशल पुलिस ऑफिसर) अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते नजर आए।

मेले के दौरान उमड़ने वाली भारी भीड़ को नियंत्रित करने, यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए कमल अरोड़ा ने पुलिस प्रशासन के कंधे से कंधا मिलाकर सेवाएं दीं। मेला क्षेत्र में तैनात पुलिस बल के साथ मिलकर उन्होंने संवेदनशीलता और पूरी मुस्तैदी के साथ व्यवस्थाओं को संभाला। इस दौरान उनके मुंह से गूंजता “हर हर महादेव, जय भोलेनाथ की” का उद्घोष न केवल प्रशासनिक अमले में, बल्कि ड्यूटी पर तैनात अन्य कर्मियों और श्रद्धालुओं में भी एक अलग ही ऊर्जा और उत्साह का संचार करता दिखा।

प्रशासन और जनता के बीच मजबूत कड़ी
स्थानीय व्यापारियों और पुलिस के बीच समन्वय स्थापित करने में कमल अरोड़ा की यह सहभागिता इस बात का प्रमाण है कि पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों के इस महाकुंभ में सामाजिक सहभागिता कितनी महत्वपूर्ण है। व्यापारी वर्ग का प्रशासनिक कार्यों में इस प्रकार सक्रिय सहयोग देना न केवल कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाता है, बल्कि आम जनता और पुलिस के बीच के आपसी भरोसे को भी और अधिक मजबूत करता है।

कमल अरोड़ा ने कहा कि मेला शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो, इसके लिए हर नागरिक और व्यापारी का यह नैतिक कर्तव्य है कि वह प्रशासन का सहयोग करे। मेला संपन्न होने तक उनकी यह सेवाएं इसी निष्ठा और समर्पण के साथ जारी रहेंगी।
