सुधार संवाद
हरिद्वार: जनपद में छात्र-छात्राओं और बालिकाओं की सुरक्षा को पुख्ता करने के उद्देश्य से हरिद्वार पुलिस ने आज एक विशेष अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में विद्यालयों की छुट्टी के समय दोपहर 1:00 बजे से 3:00 बजे के बीच सघन चेकिंग की गई।

अभियान के दौरान पुलिस बलों ने स्कूलों के आसपास विशेष सतर्कता बरती और छात्र-छात्राओं के सुरक्षित आवागमन का जायजा लिया। इस दौरान स्कूली वाहनों की भी बारीकी से जांच की गई, जिसमें वाहनों में तय सुरक्षा मानकों और परिवहन व्यवस्था के पालन को परखा गया।

साथ ही, शिक्षण संस्थानों के आसपास अनावश्यक रूप से घूमने वाले संदिग्ध और असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखी गई तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। हरिद्वार पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इस तरह के निगरानी और चेकिंग अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।

