सुधार संवाद
हरिद्वार, 10 सितंबर 2026 — जनपद में अवैध मदिरा के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत जिला आबकारी अधिकारी कैलाश चंद्र बिंजोला के मार्गदर्शन और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के अनुपालन में आबकारी विभाग ने दो अलग-अलग स्थानों पर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है।

आबकारी निरीक्षक दर्शन सिंह चौहान के नेतृत्व में क्षेत्र-1 हरिद्वार की टीम ने मुखबिर की सूचना पर ताबड़तोड़ दबिश देते हुए भारी मात्रा में अवैध कच्ची शराब और उसे बनाने के लिए तैयार किया गया लहान पकड़ा।

सहदेवपुर नाले के पास कार्रवाई
अभियान के पहले चरण में टीम ने सहदेवपुर क्षेत्र में नाले के किनारे औचक निरीक्षण किया। इस दौरान मौके पर जमीन में छिपाकर रखे गए 3 प्लास्टिक के ड्रमों से लगभग 750 किलोग्राम लहान बरामद किया गया, जिसे टीम ने मौके पर ही नष्ट कर दिया। इसके अतिरिक्त, मौके से 20 लीटर अवैध कच्ची शराब भी जब्त की गई। आबकारी अधिनियम के तहत संबंधित मामलों में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

पथरी जंगल में दबिश
सघन चेकिंग अभियान को आगे बढ़ाते हुए आबकारी टीम ने पथरी के जंगलों में दूसरी बड़ी कार्रवाई की। यहाँ घने जंगलों के बीच छिपाकर रखे गए 2 ड्रमों में लगभग 500 किलोग्राम लहान पकड़ा गया, जिसे मौके पर ही नष्ट किया गया। इस कार्रवाई के दौरान भी 20 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई। इस मामले में भी आबकारी अधिनियम के प्रावधानों के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है।

विभाग की इस लगातार कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। आबकारी अधिकारियों का स्पष्ट कहना है कि जनपद में अवैध मदिरा के निर्माण और बिक्री के अवैध धंधे को पूरी तरह नेस्तनाबूद करने के लिए यह विशेष प्रवर्तन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
