सुधार संवाद
हरिद्वार की पवित्र पौराणिक तीर्थनगरी में गली-मोहल्लों में तेजी से पैर पसार रहे अवैध नशे, जुए और सट्टे के कारोबार के खिलाफ राष्ट्रीय सावक मंच मुखर हो गया है। मंच के संयोजक चंद्रमोहन कौशिक के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह भुल्लर से भेंट कर एक ज्ञापन सौंपा, जिस पर एसएसपी ने तत्काल प्रभावी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

एसएसपी को सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि हरिद्वार वह पावन भूमि है जहां कुंभ और अर्धकुंभ जैसे भव्य मेलों का आयोजन होता है, लेकिन वर्तमान में अवैध नशे का यह घिनौना व्यापार मां गंगा की नगरी की गरिमा को कलंकित कर रहा है और युवा पीढ़ी के भविष्य को अंधकार की ओर धकेल रहा है।

मंच के संयोजक चंद्रमोहन कौशिक ने रामधारी सिंह दिनकर की प्रसिद्ध पंक्तियों— “समर शेष है, नहीं पाप का भागी केवल व्याध, जो तटस्थ हैं, समय लिखेगा उनका भी अपराध”— का हवाला देते हुए कहा कि समाज में हो रहे इन गलत कृत्यों पर मौन रहना भी अन्याय को बढ़ावा देने के समान है। तीर्थनगरी की पवित्रता, सामाजिक मर्यादा और युवाओं के भविष्य की रक्षा के लिए इस अवैध कारोबार पर तुरंत रोक लगानी बेहद आवश्यक है।

ज्ञापन देने वाले प्रतिनिधिमंडल में जिला अध्यक्ष कीर्तिकांत शर्मा, महामंत्री विशाल यादव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष शरद अग्रवाल, युवा जिला अध्यक्ष शिवम कौशिक, महामंत्री सनी भाटिया और उपाध्यक्ष रोहित पेवल समेत कई अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
