नवीन शर्मा की खास रिपोर्ट
देहरादून/हरिद्वार: उत्तराखण्ड एसटीएफ (STF/ANTF) ने राज्य में नशे के विरुद्ध छेड़े गए अभियान को और अधिक आक्रामक करते हुए ट्रामाडोल (Tramadol) तस्करी गिरोह के एक और सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” संकल्प को सिद्ध करने की दिशा में एक और कठोर कदम है।

मामले की पृष्ठभूमि:
दिनांक 11 मई, 2026 को थाना मंगलौर, हरिद्वार क्षेत्र में 18,000 प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल की बरामदगी के बाद एसटीएफ ने इस नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचने के लिए गहन तकनीकी जांच शुरू की थी। विवेचना में मुख्य अभियुक्त सचिन मनिहाल के साथ संलिप्त अंकित कुमार प्रजापति की भूमिका सामने आई, जो उत्तराखण्ड में इस अवैध खेप का प्रमुख रिसीवर और डिस्ट्रीब्यूटर था।

आरोपियों की कार्यप्रणाली और डिजिटल साक्ष्य:
जांच में यह भयावह खुलासा हुआ है कि आरोपी जनवरी 2026 से अब तक लगभग 77 पेटियां (करीब 6,930 डिब्बे) स्पैस्मोरे (SPASMORE) कैप्सूल की अवैध सप्लाई कर चुका था। आरोपी ने पुलिस की पैनी नजर से बचने के लिए अपने डिजिटल फुटप्रिंट्स मिटाने का भरसक प्रयास किया और व्हाट्सएप चैट व कॉल रिकॉर्ड्स को डिलीट कर दिया था। हालांकि, एसटीएफ की तकनीकी टीम ने बैंक लेन-देन और डिजिटल साक्ष्यों के गहन विश्लेषण से इस शातिर नेटवर्क का पर्दाफाश कर दिया।
गिरफ्तार अभियुक्त:
नाम: अंकित कुमार प्रजापति
पिता का नाम: श्री राजेन्द्र कुमार प्रजापति
निवासी: नियाजूपुरा माजरा, शहाबुद्दीनपुर, मुजफ्फरनगर (उ.प्र.)
हाल निवासी: संतुष्टि विहार, रुड़की, हरिद्वार।
बरामदगी:
अभियुक्त के कब्जे से साक्ष्य के तौर पर दो मोबाइल फोन (एक JIO कीपैड और एक VIVO V50e) जब्त किए गए हैं, जिन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए सीज किया गया है।
एसटीएफ की सख्त चेतावनी:
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, एसटीएफ ने स्पष्ट किया है कि गिरफ्तार आरोपी अंकित कुमार प्रजापति का आपराधिक इतिहास रहा है और उसके विरुद्ध पंजाब, दिल्ली व उत्तर प्रदेश में पहले से ही 4 अभियोग पंजीकृत हैं। एसटीएफ अब इस पूरे सिंडिकेट के ‘फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक्स’ की गहन जांच कर रही है। एसटीएफ प्रमुख ने कड़े शब्दों में चेतावनी दी है कि:
”नशा तस्कर चाहे कितना भी शातिर क्यों न हो, डिजिटल साक्ष्यों और पुलिस की सख्त निगरानी से बच नहीं पाएगा। देवभूमि में नशे का कारोबार करने वालों के लिए अब कोई स्थान नहीं है। कानून का शिकंजा उन सभी पर कसेगा जो इस अवैध धंधे में शामिल हैं।”
आमजन से अपील:
एसटीएफ ने नागरिकों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और नशा तस्करी से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल निम्नलिखित नंबरों पर दें। सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।
एसटीएफ हेल्पलाइन: 0135-2656202 | 9412029536
मानस (Manas) हेल्पलाइन: 1933
मीडिया सेल, स्पेशल टास्क फोर्स, उत्तराखण्ड
