सुधार संवाद
हरिद्वार के रानीपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नवोदय नगर की मुख्य सड़क पिछले दो-तीन वर्षों से विकास के दावों की पोल खोल रही है। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं और स्थानीय निवासियों ने जिलाधिकारी मयूर दीक्षित को ज्ञापन सौंपकर इस खस्ताहाल मार्ग की सुध लेने की पुरजोर मांग की है।

इस मुख्य मार्ग से रोजाना हजारों नौकरीपेशा लोग, स्कूली बच्चे और व्यापारी गुजरते हैं। सड़क पर बने जानलेवा गड्ढे, उड़ती धूल और जलभराव ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। स्थिति इतनी दयनीय हो चुकी है कि आए दिन गड्ढों और जलभराव के कारण गर्भवती महिलाओं और मासूम स्कूली बच्चों के चोटिल होने की घटनाएं आम हो गई हैं। इसके अलावा, सड़क के दोनों तरफ जल निकासी व्यवस्था ठप होने के कारण गंदा पानी सड़कों पर भरा रहता है, जिससे मुख्य बाजार के व्यापारियों का व्यवसाय भी बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।

ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में आलोक शर्मा के साथ वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज सैनी, सोम त्यागी, जिला प्रवक्ता अमित अवस्थी, अक्षय नागपाल, नन्द लाल यादव, संदीप भार्गव, मनीष पटेल, तुषार सक्सेना, वासु नौडीयाल, अंकुल गुप्ता और कृष्णा यादव समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने इस गंभीर मामले का संज्ञान लेते हुए जल्द ही अधीनस्थ अधिकारियों को मौके पर भेजकर सड़क के पुनर्निर्माण और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त कराने का आश्वासन दिया है। अब देखना यह है कि प्रशासन की नींद कब टूटती है और जनता को इस नरकीय जीवन से कब मुक्ति मिलती है।
