सम्पादक :- दीपक मदान
कपूरथला, 06 जुलाई 2026:
एनसी ग्रुप मुख्यालय, जालंधर के मार्गदर्शन में 21 पंजाब बटालियन एनसीसी, कपूरथला द्वारा आज एनसीसी कैडेट्स के लिए एक प्रेरणादायक व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता श्रीमती सीमा संख्यान जी, राष्ट्रीय अध्यक्षा, बिटिया फाउंडेशन रहीं।
श्रीमती सीमा संख्यान बालिकाओं के कल्याण, महिला सशक्तिकरण और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए एक प्रेरणादायक मार्गदर्शक हैं। अपने निस्वार्थ सेवा, शिक्षा और जागरूकता अभियानों के कारण अनगिनत बेटियां उन्हें प्यार से ‘माँ’ और ‘दी’ कहकर पुकारती हैं।
बिटिया फाउंडेशन एक पंजीकृत गैर-सरकारी संगठन है जो मुख्य रूप से बालिकाओं के अधिकारों, शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वच्छता के लिए कार्य करता है। संस्था “बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ” अभियान, नशा मुक्त भारत जागरूकता रैलियों तथा साइकिल वितरण और स्वास्थ्य अभियानों के माध्यम से जमीनी स्तर पर कार्य कर रही है।
व्याख्यान के दौरान श्रीमती सीमा संख्यान ने कैडेट्स को बालिका सशक्तिकरण, शिक्षा और स्वस्थ समाज निर्माण के विषय पर संबोधित किया। साथ ही उन्होंने नशा मुक्त भारत और साइबर अपराध जैसे समकालीन विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की।
कार्यक्रम को और प्रभावशाली बनाने के लिए उन्होंने अपने जीवन के अनुभव और संघर्षों की कहानियाँ भी सुनाईं। उनकी सच्ची कहानियों ने कैडेट्स को आत्मविश्वास, अनुशासन और समाज सेवा का संदेश दिया।
कर्नल आर.के. चौहान, कमांडिंग ऑफिसर, 21 पंजाब बटालियन एनसी ने श्रीमती सीमा संख्यान जी का आभार व्यक्त किया और कहा कि इस प्रकार के व्याख्यान कैडेट्स के चरित्र निर्माण और उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम का समापन प्रश्नोत्तर सत्र के साथ हुआ। कैडेट्स ने बालिका शिक्षा, नशा मुक्ति और इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग का संदेश अपने-अपने क्षेत्रों में फैलाने का संकल्प लिया।
