दीपक मदान
देहरादून/चमोली: श्री बद्रीनाथ धाम में ‘थाली भेंट’ (दान) की धनराशि और भेंट सामग्री के साथ वित्तीय अनियमितता करने के गंभीर मामले में चमोली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मंदिर समिति के एक कार्मिक को देहरादून से गिरफ्तार किया है। श्रद्धालुओं की आस्था और मंदिर की पवित्रता से जुड़े इस संवेदनशील प्रकरण को शासन ने अत्यंत गंभीरता से लिया है।
मामले का विवरण:
बीते 08 जुलाई, 2026 को श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) के प्रभारी मंदिर अधिकारी, श्री युद्धवीर पुष्पवान की लिखित तहरीर पर कोतवाली बद्रीनाथ में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 306 एवं 316(5) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायत के अनुसार, 02 जुलाई, 2026 को ‘थाली भेंट’ की गणना के दौरान अनियमितताओं की सूचना प्राप्त हुई थी। मंदिर समिति के अध्यक्ष के आदेश पर गठित विभागीय जांच समिति की प्राथमिक जांच में कार्मिक प्रमोद नौटियाल द्वारा धनराशि और भेंट सामग्री को चोरी-छिपे अपने निजी हित में ले जाने की पुष्टि हुई।

एसआईटी का गठन और साक्ष्य:
प्रकरण की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली, श्री सुरजीत सिंह पँवार के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी चमोली, मदन सिंह बिष्ट के निकट पर्यवेक्षण में एक ‘विशेष जांच दल’ (SIT) का गठन किया गया।
जांच के दौरान टीम ने घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण किया। इस दौरान 02 जुलाई के सीसीटीवी फुटेज के गहन विश्लेषण में यह स्पष्ट हुआ कि अभियुक्त प्रमोद नौटियाल ने बड़ी चालाकी से गणना कक्ष से धनराशि और भेंट सामग्री को अपने मोबाइल के नीचे छिपाकर व जेब में रखकर अवैध रूप से बाहर निकाला। जांच में यह भी सामने आया है कि अभियुक्त ने ₹500 के नोटों की गड्डियों के साथ-साथ सोने-चांदी के सिक्के, शालिग्राम शिला और केसर के पैकेट भी चोरी किए थे।

गिरफ्तारी और अग्रिम कार्रवाई:
पुख्ता साक्ष्यों और गवाहों के बयानों के आधार पर, पुलिस टीम ने 12 जुलाई, 2026 की देर रात अभियुक्त प्रमोद नौटियाल को देहरादून स्थित उसके आवास से गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त को पुलिस द्वारा माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। मामले में अग्रिम विधिक कार्यवाही प्रचलित है।
पुलिस मुख्यालय की ओर से स्पष्ट किया गया है कि देवभूमि के धार्मिक स्थलों की गरिमा और पवित्रता बनाए रखने हेतु पुलिस प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। भविष्य में भी ऐसी किसी भी अवैध गतिविधि पर कड़ी कानूनी निगरानी रखी जाएगी।
