दीपक मदान
गोविन्दघाट (चमोली): श्री हेमकुंड साहिब यात्रा पर आईं एक महिला श्रद्धालु का ₹10,000 नगदी और महत्वपूर्ण दस्तावेजों से भरा पर्स रास्ते में गुम हो गया। स्थानीय पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में पर्स को सकुशल बरामद कर महिला को सौंप दिया, जिससे उनके चेहरे पर दोबारा मुस्कान लौट आई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अहमदाबाद (गुजरात) की रहने वाली सुश्री अमृता घटक हेमकुंड साहिब यात्रा के सिलसिले में यहाँ पहुँची थीं। गोविन्दघाट से पुलना मार्ग के दौरान उनका पर्स कहीं गिर गया था। पर्स में नकदी के साथ-साथ उनके आवश्यक यात्रा दस्तावेज और अन्य कीमती सामान भी मौजूद था, जिसके खो जाने से वह काफी चिंतित थीं।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली गोविन्दघाट के हेड कांस्टेबल महेन्द्र सिंह और हेड कांस्टेबल सुमित चौधरी ने बिना समय गंवाए संभावित मार्गों पर खोजबीन शुरू कर दी। पुलिसकर्मियों के अथक और त्वरित प्रयासों के परिणामस्वरुप कुछ ही देर में पर्स सुरक्षित मिल गया। पुलिस द्वारा औपचारिकताएं पूरी करते हुए पूरा सामान और नगदी सुरक्षित उनके सुपुर्द कर दी गई। अपना खोया हुआ सामान वापस पाकर सुश्री अमृता घटक ने गहरी राहत की साँस ली। उन्होंने गोविन्दघाट पुलिस की इस तत्परता, ईमानदारी और संवेदनशीलता की खुलकर सराहना करते हुए पूरी पुलिस टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। यह घटना एक बार फिर दर्शाती है कि देश के विभिन्न कोनों से उत्तराखंड आने वाले तीर्थयात्रियों की सुरक्षा और सहायता के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद और संवेदनशील है।
