सुधार संवाद
हरिद्वार: सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, सेक्टर-2, भेल रानीपुर, हरिद्वार में हाल ही में संपन्न राज्य स्तरीय विज्ञान महोत्सव और वैदिक गणित प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान में एक समारोह आयोजित किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य लोकेंद्र दत्त अंथवाल ने सफल विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया और आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।

उत्तराखंड के हल्द्वानी में आयोजित विज्ञान महोत्सव में विद्यालय के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पुरस्कार अपने नाम किए। तरुण वर्ग की विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता में प्रिया सत्पुरिया ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। जीव विज्ञान प्रयोगात्मक प्रतियोगिता में मोहन कल्याणी ने द्वितीय स्थान, तरुण वर्ग के मॉडल प्रदर्शन में अंश उपाध्याय ने द्वितीय स्थान और किशोर वर्ग मॉडल प्रतियोगिता में चेतना ने तृतीय स्थान हासिल किया। इसके अलावा, विज्ञान आचार्य पत्रवाचन प्रतियोगिता में विद्यालय की आचार्या पूजा कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त कर संस्था का गौरव बढ़ाया।

वहीं, रुद्रपुर में आयोजित वैदिक गणित प्रश्नमंच प्रतियोगिता के तरुण वर्ग में लक्ष्मी, अंश और श्रेष्ठा की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बाल वर्ग की प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में तृषा, हार्दिक तिवारी और अर्पित ने तृतीय स्थान हासिल किया। वैदिक गणित प्रश्नमंच के तरुण वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले ये विजेता छात्र अब मेरठ में आयोजित होने वाली क्षेत्रीय प्रतियोगिता में प्रांत का प्रतिनिधित्व करेंगे।

समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य लोकेंद्र दत्त अंथवाल ने कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत, प्रतिभा और अनुशासन का परिणाम है। विज्ञान और वैदिक गणित जैसे विषय युवाओं में तार्किक सोच, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और समस्या-समाधान की क्षमता विकसित करते हैं। विद्यालय परिवार को अपने इन मेधावी छात्रों की उपलब्धियों पर गर्व है और पूर्ण विश्वास है कि वे आगामी क्षेत्रीय प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय एवं प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

