दीपक मदान
हरिद्वार/फुटपाथ कारोबारियों के एकमात्र संगठन ‘लघु व्यापार एसोसिएशन’ के प्रांतीय अध्यक्ष संजय चोपड़ा की अध्यक्षता में प्रथम वेंडिंग जोन प्रांगण में स्ट्रीट वेंडर्स और लघु व्यापारियों की एक महत्वपूर्ण आम सभा आयोजित की गई। सभा में आगामी ‘कुंभ मेला 2027’ के दृष्टिगत शहरी क्षेत्र में रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों को व्यवस्थित करने की पुरजोर मांग उठाई गई।

प्रमुख मांगें और प्रस्ताव:
मुख्यमंत्री को ईमेल: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ईमेल के माध्यम से मांग भेजी गई है कि उत्तराखंड नगरी फेरी नीति नियमावली के तहत कुंभ मेला क्षेत्र और शहरी क्षेत्रों में स्ट्रीट वेंडर्स को विधिवत स्थापित किया जाए।
आधुनिक रेहड़ियां और ड्रेस कोड: नगर निगम द्वारा पूर्व सर्वे सूची और वित्तीय वर्ष 2026-27 के लाइसेंस/विक्रय प्रमाण पत्र धारकों को अलग पहचान और ड्रेस कोड के साथ आधुनिक रेहड़ियां (ठेले) उपलब्ध कराई जाएं।
उत्पीड़न से राहत: एसोसिएशन ने कहा कि बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, अपर रोड और अन्य प्रमुख मार्गों पर लाइसेंसधारक वेंडर्स को आधुनिक रेहड़ियां मिलने से उनकी अलग पहचान बनेगी और उनका अनावश्यक उत्पीड़न रुकेगा।

वेंडिंग जोन का विस्तार: कुंभ मेले की पार्किंगों, अखाड़ों, मठ-मंदिरों और अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में रेहड़ी-पटरी वालों के लिए वेंडिंग जोन निर्धारित किए जाएं। साथ ही, उन्हें ‘प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि योजना’ (PM SVANidhi) का पूरा संरक्षण दिया जाए।

सभा का संचालन प्रदेश महामंत्री राजकुमार ने किया। इस दौरान कमल सिंह, नीतीश अग्रवाल, कपिल सिंह, सोनू गुप्ता, लालचंद गुप्ता, मंजू देवी, सुमन गुप्ता, आशा कश्यप, सुनील कुकरेती सहित बड़ी संख्या में लघु व्यापारी नेता और प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
