दीपक मदान
हरिद्वार।नगर निगम प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे अतिक्रमण अभियान के नाम पर लाइसेंस प्राप्त लघु व्यापारियों को उजाड़ने के विरोध में आज हरिद्वार की सड़कों पर भारी आक्रोश देखने को मिला। लघु व्यापार एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष संजय चोपड़ा के नेतृत्व में सैकड़ों व्यापारियों ने नगर निगम प्रांगण में हुंकार भरी और प्रशासन की एकतरफा कार्रवाई पर कड़ा ऐतराज जताया।

संजय चोपड़ा का तीखा प्रहार
सभा को संबोधित करते हुए संजय चोपड़ा ने दोटूक कहा कि नगर निगम द्वारा आवंटित लाइसेंस होने के बावजूद व्यापारियों को उनके स्थान से हटाना दुर्भाग्यपूर्ण और अन्यायपूर्ण है। उन्होंने मांग की कि प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर आत्मनिर्भर योजना और ‘उत्तराखंड नगरीय फेरी नीति 2016’ का सख्ती से पालन हो। चोपड़ा ने याद दिलाया कि वर्ष 2018 के सर्वे में चिन्हित 2545 व्यापारियों को नए वित्तीय वर्ष में लाइसेंस देना और चारधाम यात्रा से पहले उन्हें व्यवस्थित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।

नगर आयुक्त का आश्वासन
व्यापारियों के भारी दबाव और प्रदर्शन को देखते हुए नगर आयुक्त नंदन कुमार ने डेलिगेशन से वार्ता की। उन्होंने व्यापारियों को आश्वस्त करते हुए कहा:

एक सप्ताह के भीतर फेरी समिति की बैठक बुलाई जाएगी।
दो नए वेंडिंग जोन के लिए डीपीआर तैयार कर शासन को स्वीकृति हेतु भेजी गई है।
पंजीकृत स्ट्रीट वेंडर्स को व्यवस्थित रूप से स्थापित करना नगर निगम की प्राथमिकता है।

तीन सूत्रीय मांगों पर अड़े व्यापारी
लघु व्यापारियों ने स्पष्ट किया कि चण्डी चौराहा, भगत सिंह चौक और पुल जटवाड़ा जैसे वेंडिंग जोन में मूलभूत सुविधाएं दी जाएं और बिना वैकल्पिक व्यवस्था के किसी का उत्पीड़न न किया जाए।
प्रदर्शन में शामिल मुख्य चेहरा:
इस ऐतिहासिक विरोध प्रदर्शन में सुनील कुकरेती, कुंदन कश्यप, शिवम सैनी, राजू जैन, कामिनी मिश्रा, सीमा देवी सहित भारी संख्या में पुरुष व महिला लघु व्यापारी मौजूद रहे।
