दीपक मदान
हरिद्वार, 25 अप्रैल 2026 उत्तराखंड विद्यालय शिक्षा परिषद द्वारा आज घोषित हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा परिणामों में सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, सेक्टर-2 रानीपुर (भेल) के विद्यार्थियों ने अपनी मेधा का लोहा मनवाया है। विद्यालय की छात्रा कशिश शर्मा ने इंटरमीडिएट की प्रदेश मेरिट सूची में चौथा स्थान प्राप्त कर न केवल विद्यालय, बल्कि पूरे जनपद का नाम रोशन किया है।

मेधावियों ने बढ़ाया मान
इंटरमीडिएट परीक्षा में कशिश शर्मा ने 96.6% अंकों के साथ राज्य की वरीयता सूची में चौथा स्थान अर्जित किया, वहीं अश्मित पांडेय ने 92.4% अंक पाकर प्रदेश में 25वां स्थान हासिल किया।

हाईस्कूल (कक्षा 10वीं) के परिणामों में भी विद्यालय का दबदबा रहा। गौरवी ने 93.80% अंकों के साथ प्रदेश की मेरिट सूची में 19वां स्थान प्राप्त किया, जबकि शुभम ने 93.6% अंकों के साथ 20वां स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

शानदार रहा विद्यालय का परीक्षा परिणाम
सत्र 2025-26 के परीक्षा आंकड़ों पर नजर डालें तो:
हाईस्कूल: कुल 252 छात्र सम्मिलित हुए, जिसका कुल परिणाम 98.84% रहा।
इंटरमीडिएट: कुल 245 छात्र सम्मिलित हुए, जिसका कुल परिणाम 90.2% रहा।

प्रधानाचार्य व प्रबंधन ने दी बधाई
विद्यालय के प्रधानाचार्य लोकेंद्र दत्त अंथवाल ने सभी मेधावी छात्र-छात्राओं को मिठाई खिलाकर बधाई दी। उन्होंने कहा, “विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन ने विद्यालय को गौरवान्वित किया है। यह उपलब्धि शिक्षकों के कठिन परिश्रम, छात्रों की लगन और अभिभावकों के निरंतर सहयोग का परिणाम है।” विद्यालय प्रबंधक अजय शर्मा और अध्यक्ष डॉ. शिव शंकर जायसवाल ने भी छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए इसे विद्यालय की अनुशासनबद्ध शिक्षा व्यवस्था की जीत बताया।

कार्यक्रम में गरिमामयी उपस्थिति
इस गौरवपूर्ण अवसर पर विद्यालय के वरिष्ठ आचार्य प्रवीण कुमार, श्री जोशी, रुद्र प्रताप शास्त्री, बृजेश, भानु प्रताप चौहान और अमित कुमार सहित समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। सभी ने एक-दूसरे को बधाई देते हुए छात्रों की सफलता का जश्न मनाया।
