सुधार संवाद ब्यूरो
चमोली/नंदानगर:
चमोली जिले के नंदानगर थाना क्षेत्र से एक अत्यंत संवेदनशील मामला सामने आया है, जहाँ पुलिस ने एक नाबालिग के साथ दुष्कर्म कर उसे गर्भवती करने के आरोपी को त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक चमोली के सख्त निर्देशों के बाद पुलिस ने यह कार्रवाई महज कुछ घंटों के भीतर अंजाम दी।

पेट दर्द की शिकायत पर हुआ सनसनीखेज खुलासा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वादी द्वारा दिनांक 22 जुलाई 2026 को थाना नंदानगर में लिखित तहरीर दी गई थी कि उसकी नाबालिग पुत्री पिछले कुछ समय से लगातार पेट दर्द से पीड़ित थी। परिजनों द्वारा जब उसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय गोपेश्वर ले जाया गया, तो चिकित्सकों ने अल्ट्रासाउंड और अन्य चिकित्सीय जांच के बाद जो खुलासा किया, उससे परिजनों के होश उड़ गए। जांच रिपोर्ट में नाबालिग लगभग 4 माह की गर्भवती पाई गई।

परिजनों द्वारा जब पीड़िता से इस संबंध में पूछताछ की गई, तो उसने आपबीती सुनाते हुए बताया कि राजेन्द्र लाल पुत्र सुरेन्द्र लाल (निवासी: ग्राम मोख मल्ला, उम्र 21 वर्ष) द्वारा उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए गए और डराया-धमकाया गया।
गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज
पीड़िता के ब बयानों और प्राप्त तथ्यों के आधार पर थाना नंदानगर में तत्काल सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया। पुलिस ने मामले में मु0अ0सं0 15/2026 के तहत धारा 64(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं धारा 5(j)(2)/6 पॉक्सो (POCSO) अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस अधीक्षक ने लिया कड़ा संज्ञान
घटना की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली, सुरजीत सिंह पँवार ने मामले का स्वतः कड़ा संज्ञान लिया। उन्होंने थाना नंदानगर पुलिस को अभियुक्त की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। एसपी पँवार ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नाबालिगों के विरुद्ध होने वाले अपराधों में किसी भी प्रकार की कोताही या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे मामलों में त्वरित, निष्पक्ष और प्रभावी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।
कुरूड़ पुल से हुई गिरफ्तारी
पुलिस अधीक्षक के कड़े निर्देशों के अनुपालन में थाना नंदानगर पुलिस ने तुरंत एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया। टीम ने मुखबिर की सूचना और तकनीकी मदद से दबिश देते हुए अभियुक्त राजेन्द्र लाल को कुरूड़ पुल के पास से धर दबोचा। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर ली है और उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
सराहनीय भूमिका निभाने वाली पुलिस टीम
इस पूरे घटनाक्रम में त्वरित खुलासे और गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में निम्नलिखित कर्मी शामिल रहे:
अ0उप0नि0 नवीन भारद्वाज (थाना नंदानगर)
हे0का0 कुँवर सिंह
का0 संदीप कुमार
का0 शोभन सिंह
संपादकीय नोट: ‘सुधार संवाद’ ऐसे संवेदनशील मामलों में बाल अधिकारों और पॉक्सो अधिनियम के प्रावधानों के तहत पीड़िता की पहचान गुप्त रखने की पूरी प्रतिबद्धता दोहराता है।
