दीपक मदान
हरिद्वार (31 मार्च, 2026): भेल रानीपुर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इण्टर कॉलेज, सेक्टर-2 में मंगलवार को वरिष्ठ आचार्य रुद्र प्रताप शास्त्री की सेवानिवृत्ति पर सम्मान समारोह का आयोजन हुआ।

सामूहिक दीप प्रज्वलन से शुरुआत:
समारोह का शुभारंभ विद्यालय अध्यक्ष डॉ. शिव शंकर जायसवाल, पूर्व प्रधानाचार्य रामप्रकाश, पूर्व प्रबंधक शिव प्रकाश अग्रवाल, प्रबंध समिति सदस्य सुनील चौहान, शिशु मंदिर अध्यक्ष शेर सिंह रावत, प्रधानाचार्य कमल रावत और कॉलेज प्रधानाचार्य लोकेंद्र दत्त अंथवाल ने माँ शारदे एवं पवित्र ओम के सम्मुख दीप प्रज्वलन कर किया। कार्यक्रम का संचालन आचार्य भानु प्रताप ने किया।

1998 से दे रहे थे सेवाएं:
अभ्यागतों का परिचय वरिष्ठ आचार्य दीपक कुमार ने कराया। इस दौरान आचार्य प्रवीण कुमार ने बताया कि शास्त्री वर्ष 1998 से निरंतर विद्यालय से जुड़े रहे और उनके लंबे अनुभव का लाभ संस्थान को मिला। विद्यालय प्रबंधन ने उनके स्वस्थ और सुखी जीवन की मंगल कामना करते हुए उन्हें उपहार भेंट कर सम्मानित किया।

अनुशासन और निष्ठा की मिसाल:
विद्यालय अध्यक्ष डॉ. शिव शंकर जायसवाल ने कहा कि शास्त्री ने अपने पूरे कार्यकाल में अनुशासन का परिचय दिया और सभी कार्यों को पूरी निष्ठा से संपन्न किया। प्रधानाचार्य लोकेंद्र दत्त अंथवाल ने संबोधन में कहा कि सेवानिवृत्ति केवल एक दायित्व की पूर्णता है, व्यक्ति कभी कार्यों से मुक्त नहीं होता। उन्होंने आशा व्यक्त की कि शास्त्री आगे भी अपने पारिवारिक और सामाजिक दायित्वों को इसी प्रकार निभाएंगे।

भावुक हुए शास्त्री:
विदाई के क्षणों में रुद्र प्रताप शास्त्री ने कहा कि विद्यालय में कार्य करते हुए उन्हें बहुत कुछ सीखने को मिला और यहाँ का मित्रतापूर्ण व्यवहार उन्हें सदैव याद रहेगा। आचार्या हेमा और लीना ने भी विद्यालय के सर्वांगीण विकास में उनके योगदान की सराहना की। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।

