सुधार संवाद
हरिद्वार। नगर पालिका शिवालिक नगर के अध्यक्ष श्री राजीव शर्मा ने मेला अधिकारी श्रीमती सोनिका के साथ नगर पालिका क्षेत्र एवं निकटवर्ती क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान क्षेत्र की यातायात व्यवस्था, सड़क, संपर्क मार्ग एवं अतिक्रमण से संबंधित विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

निरीक्षण के दौरान टिहरी विस्थापित कॉलोनी में निर्माणाधीन पुल के कारण तीन-चार गलियों के आवागमन के प्रभावित होने की समस्या सामने आई। स्थानीय लोगों की समस्या को देखते हुए नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा ने मौके पर ही इसका निराकरण करवाया। इस दौरान मेला अधिकारी श्रीमती सोनिका के साथ स्थलीय निरीक्षण करते हुए PWD के अधिशासी अभियंता को पुल की एप्रोच रोड के डिजाइन में आवश्यक संशोधन करने के निर्देश दिए गए, ताकि चार गलियों में रहने वाले लोगों का आवागमन बाधित न हो और स्थानीय लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

इसके पश्चात बागेश्वर धाम (बागों वाले देवता) तक मुख्य मार्ग से संपर्क मार्ग बनाए जाने का सुझाव नगर पालिका अध्यक्ष श्री राजीव शर्मा ने दिया। क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए दिए गए इस सुझाव को मेला अधिकारी श्रीमती सोनिका द्वारा स्वीकृति प्रदान की गई।
वहीं शिवालिक नगर में मुख्य मार्ग के चौड़ीकरण के साथ सफेद पट्टी डलवाने, अवैध पार्किंग के खिलाफ कार्रवाई करने, श्याम चिन्ह तिराहे का पुनर्निर्माण कर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने तथा अटल वाटिका से गंगा नगरी तक सड़क किनारे से अतिक्रमण हटाने की कार्ययोजना पर भी चर्चा की गई। नगर पालिका अध्यक्ष श्री राजीव शर्मा ने कहा कि क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों के दौरान स्थानीय लोगों की सुविधा एवं सुगम आवागमन को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जानी चाहिए। निरीक्षण के दौरान सामने आई समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि इन कार्यों के पूर्ण होने से क्षेत्रवासियों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलने के साथ ही यातायात व्यवस्था में सुधार और क्षेत्र का व्यवस्थित सौंदर्यीकरण सुनिश्चित होगा। इस अवसर पर HRDA सचिव प्रत्यूष सिंह, PWD अधिशासी अभियंता योगेश सिंह सहित HRDA एवं नगर पालिका के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
