दीपक मदान
हरिद्वार। उत्तराखंड में भाजपा सरकार के सफल 4 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित भव्य कार्यक्रम “जन-जन की सरकार, 4 साल बेमिसाल” ने प्रदेश की राजनीति में एक नया जोश भर दिया है। इस ऐतिहासिक अवसर पर आयोजित केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह की विशाल जनसभा में भारी जनसमर्थन देखने को मिला।

कार्यक्रम में ज्वालापुर विधानसभा से माननीय विधायक आदेश चौहान के कुशल नेतृत्व में कार्यकर्ताओं का भारी हुजूम उमड़ा। विशेष रूप से वार्ड 38 मेहतान से बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्रीय लोग इस सभा का हिस्सा बनने पहुंचे। वार्ड 38 मेहतान की माननीय पार्षद श्रीमती अनु अंकुर मेहता के संयोजन में क्षेत्र की जनता और समर्पित कार्यकर्ताओं ने

कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर शिरकत की। वार्ड की ‘देवतुल्य’ जनता और भाजपा के कर्मठ कार्यकर्ताओं के उत्साह ने यह स्पष्ट कर दिया कि क्षेत्र में पार्टी की जड़ें कितनी मजबूत हैं। जनसभा के सफल आयोजन के बाद वार्ड 38 की जनता के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई। पार्षद प्रतिनिधि और कार्यकर्ताओं ने कहा कि वार्ड 38 मेहतान की जनता द्वारा भाजपा को जो निरंतर स्नेह, प्यार और आशीर्वाद मिल रहा है, वह प्रेरणादायक है।

उन्होंने इस अटूट विश्वास के लिए सभी क्षेत्रवासियों का हार्दिक आभार व्यक्त किया। गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में हुए इस शक्ति प्रदर्शन ने कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार किया है। सभा में सरकार की 4 वर्षों की उपलब्धियों को गिनाते हुए आगामी लक्ष्यों के प्रति संकल्प लिया गया।
