शिवम सैनी की रिपोर्ट
रुड़की। गवर्नमेंट पेंशनर्स वेलफेयर ऑर्गनाइजेशन शाखा का 32वां वार्षिक अधिवेशन रविवार को आर्य उपवन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष बची सिंह रावत ने की।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तराखंड संस्कृत भारती के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. आनंद भारद्वाज रहे। विशिष्ट अतिथि डॉ. अरविंद कुमार मिश्रा, शिवेंद्र कुमार तथा विधायक प्रदीप बत्रा उपस्थित रहे।कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। संगठन के अध्यक्ष कुलदीप अग्रवाल ने सभी अतिथियों एवं सदस्यों का स्वागत किया। इसके बाद शाखा के महासचिव बालोराम चौहान ने संगठन की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए वर्षभर की गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी दी।कार्यक्रम के दौरान संगठन के वरिष्ठ सदस्यों को उनकी आयु के आधार पर माला, शॉल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। सम्मानित सदस्यों की कुल संख्या 55 रही, जिनमें से 7 सदस्य 90 वर्ष से अधिक आयु के हैं।इस अवसर पर स्मारिका 2026 का भी विमोचन किया गया। रुड़की एवं विभिन्न जनपदों से आए पेंशनर्स संगठन के पदाधिकारियों को भी माला और उपहार देकर सम्मानित किया गया। रुड़की के सम्मानित चिकित्सकों एवं गणमान्य अतिथियों को शॉल और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।इसी दौरान रुड़की के ब्रांड एम्बेसडर यतेंद्र कुमार चौधरी, मोनू जलवीर तथा तेजस्व, पुत्र स्व. संजय अरोरा को भी उनकी विशिष्ट उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।अध्यक्ष बची सिंह रावत ने शाखा द्वारा किए गए कार्यों की सराहना करते हुए उत्तराखंड में रुड़की शाखा को प्रथम स्थान देने की घोषणा की। मुख्य अतिथि डॉ. आनंद भारद्वाज ने संगठन के कार्यों की प्रशंसा करते हुए सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा संगठन की सदस्यता ग्रहण करने का विचार व्यक्त किया।विशिष्ट अतिथि डॉ. अरविंद कुमार मिश्रा ने पेंशनर्स की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। वहीं कोषाधिकारी शिवेंद्र कुमार ने सदस्यों की पेंशन से जुड़ी समस्याओं के निराकरण का भरोसा दिलाया।विधायक प्रदीप बत्रा ने रुड़की के वरिष्ठ नागरिकों के लिए डे-केयर यूनिट स्थापित कराने का आश्वासन दिया, जिससे वरिष्ठ नागरिकों को मनोरंजन और स्वास्थ्य से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। कार्यक्रम में अंबाला से आए भारत पेंशन समाज के उपाध्यक्ष हंस राज माही ने भी मार्गदर्शन किया। कार्यक्रम का संचालन संगठन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष ऋषिपाल चौहान एवं एसके शर्मा ने किया। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।
